नेत्र शिविर में 350 मरीजों की जांच, 90 का होगा निःशुल्क ऑपरेशन
कैसरगंज, बहराइच।
जरवल कस्बा स्थित डॉ. सोनू गुप्ता क्लीनिक पर आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 350 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। जांच के उपरांत 90 जरूरतमंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिनका निःशुल्क ऑपरेशन सीतापुर आंख अस्पताल में कराया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं विधानसभा उपाध्यक्ष पदम सिंह चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों का दायित्व है। ऐसे शिविर जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी लाने का कार्य करते हैं।” उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जनहित की प्रेरणादायक पहल बताया।
शिविर के संयोजक डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि “ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में अनेक लोग आर्थिक अभाव के कारण नेत्र उपचार नहीं करा पाते। ऐसे शिविरों के माध्यम से हम उन्हें निःशुल्क जांच और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर दृष्टि और स्वस्थ जीवन मिल सके।”
डॉ. सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम ने पंजीकरण, जांच और परामर्श की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर प्रमोद गुप्ता, प्रमुख विपेंद्र सिंह, राजन सिंह, अजय वर्मा, पवन वर्मा, ओम प्रकाश अवस्थी, प्रशांत अग्निहोत्री, श्यामू सिंह, विजय कुमार सर्राफ, अनिल सोनी, राजेश श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह, सौरभ कसौधन, डॉ. सत्य प्रकाश गुप्ता सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
मोहम्मद अरमान रजा कादरी
मंडल ब्यूरो चीफ देवी पाटन गोंडा
